रायपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों में बंद पड़े 458 स्कूलों में से 421 को 30 अक्टूबर 2026 तक फिर शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है. यह पहल ‘नियद नेल्लनार’ योजना के तहत की गई है. इससे सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जैसे जिलों के बच्चों को दोबारा नियमित स्कूली शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

राज्य में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में कुल 51 लाख 56 हजार 691 विद्यार्थी पंजीकृत बताए गए हैं. इनमें 16 लाख 12 हजार 748 विद्यार्थी जनजातीय वर्ग से हैं, जो कुल विद्यार्थियों का 31.27 प्रतिशत है. सरकारी स्कूलों में जनजातीय विद्यार्थियों की संख्या 13 लाख 28 हजार 816 बताई गई है.

मातृभाषा में पढ़ाई और छात्रवृत्ति

शैक्षणिक सामग्री गोंडी, हल्बी, भतरी और कुड़ुख जैसी स्थानीय भाषाओं में तैयार की गई है. 13,035 सरकारी प्राथमिक स्कूलों के करीब 3.60 लाख बच्चों को इन भाषाओं में पढ़ाई कराई जा रही है. सरकार के अनुसार, 7.80 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिला है, जबकि 54,225 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत सहायता दी गई है.

करीब 10 लाख विद्यार्थियों को मुफ्त गणवेश और 14 लाख विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें वितरित किए जाने की जानकारी दी गई है. चार जिलों में 60 पोटा केबिन आवासीय विद्यालय और 121 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हैं.

डिजिटल शिक्षा के तहत 5,857 स्कूलों में स्मार्ट क्लास और 1,388 स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित किए गए हैं. पीएम जनमन अभियान के तहत 40 तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 नए छात्रावासों का निर्माण भी कराया जा रहा है.