छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस के अवसर पर वर्ष 2025-26 के लिए चयनित 64 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. चयनित शिक्षकों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक शामिल हैं. यह समारोह 5 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाना है.

राज्य शिक्षक सम्मान के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिक्षकों का चयन किया गया है. सूची में रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, सुकमा, बीजापुर और अन्य जिलों के शिक्षक शामिल हैं.

अलग-अलग पदों पर कार्यरत शिक्षक सूची में शामिल

चयनित 64 शिक्षकों में सरकारी स्कूलों के अलग-अलग स्तरों पर कार्यरत शिक्षक शामिल हैं. सूची के अनुसार रायपुर से महेंद्र कुमार पटेल और प्राचार्य भारती अग्रवाल, धमतरी से रंजीता साहू और प्रधान पाठक लीलाराम साहू, जबकि बिलासपुर से व्याख्याता जय कुमार कौशिक और प्रवीण मिश्रा का चयन किया गया है.

बस्तर संभाग के जिलों से भी कई शिक्षकों को सम्मान के लिए चुना गया है. दंतेवाड़ा से व्याख्याता कैलाश कुमार नीलम और सहायक शिक्षिका सुमन चौधरी, सुकमा से प्रधान पाठक परिणीता कश्यप और सविता उसेंडी तथा बीजापुर से शिक्षक अनिल कुमार जाटव और केदार नाथ देशमुख सूची में शामिल हैं.

रायपुर में प्रस्तावित है राज्य स्तरीय समारोह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय राज्य शिक्षक सम्मान एवं स्मृति पुरस्कार समारोह का आयोजन रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में प्रस्तावित है. लोक शिक्षण संचालनालय ने समारोह की तैयारियों और चयनित शिक्षकों की उपस्थिति से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं.

यह सम्मान शिक्षकों के शैक्षणिक कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों के आधार पर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. चयनित शिक्षकों की पूरी सूची में प्रदेश के 64 नाम और उनके पद के साथ संबंधित जिले का उल्लेख है.