रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने झारसुगुड़ा और चांपा में चल रहे अधोसंरचना व तकनीकी कार्यों के कारण 65 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया है. रेल परिचालन पर इसका असर 26 नवंबर से 18 दिसंबर तक रहेगा. इस अवधि में कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते समाप्त किया जाएगा, जबकि कुछ गाड़ियां बदले हुए मार्ग या देरी से चल सकती हैं.
झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग का काम प्रस्तावित है. इसके अलावा बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को जोड़ने और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम होगा. इन कार्यों के चलते 6 से 18 दिसंबर के बीच कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी.
किन प्रमुख ट्रेनों पर असर
इतवारी-टाटानगर, टाटानगर-बिलासपुर और बिलासपुर-टाटानगर ट्रेनें नवंबर के अंत और दिसंबर की अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी. हावड़ा-पुणे और पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस की सेवाएं भी 26 नवंबर से 17 दिसंबर के बीच निर्धारित तारीखों पर प्रभावित होंगी.
सांतरागाछी-पुणे, पुणे-सांतरागाछी, मालदा टाउन-सूरत, सूरत-मालदा टाउन, कामाख्या-एलटीटी और एलटीटी-कामाख्या की कुछ सेवाएं भी रद्द रहेंगी. हटिया-दुर्ग, दुर्ग-हटिया, हटिया-पुणे, पुणे-हटिया, शालीमार-भुज, भुज-शालीमार, एलटीटी-शालीमार और शालीमार-एलटीटी रूट पर भी निर्धारित तारीखों में ट्रेनें नहीं चलेंगी.
इसके अलावा चर्लपल्ली-दरभंगा, दरभंगा-चर्लपल्ली, तिरुपति-रक्सौल, रक्सौल-तिरुपति, गया-एलटीटी, एलटीटी-गया, बिलासपुर-बक्सर, हैदराबाद-रक्सौल और रक्सौल-हैदराबाद जैसी सेवाएं भी प्रभावित सूची में शामिल हैं. पोरबंदर-सांतरागाछी, वास्को द गामा-जसीडीह, ओखा-शालीमार, उदयपुर-शालीमार, हावड़ा-अहमदाबाद और नांदेड़-सांतरागाछी ट्रेनें भी अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी.
मेमू और हसदेव एक्सप्रेस में बदलाव
लोकल यात्रियों के लिए बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरारोड मेमू और रायपुर-कोरबा मेमू 6 से 17 दिसंबर तक रद्द रहेंगी. इनके वापसी मार्ग की सेवाएं 7 से 18 दिसंबर तक नहीं चलेंगी. बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर और रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर भी 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेंगी.
7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस रायपुर तक नहीं जाएगी. यह ट्रेन इस अवधि में केवल कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर के रूप में संचालित की जाएगी. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और परिचालन स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
