छत्तीसगढ़ में 2025 के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों, मुठभेड़ों और आत्मसमर्पण के मामलों में 677 हथियार बरामद किए गए. बरामद हथियारों में 42 AK-47, 39 SLR और 47 INSAS राइफलें शामिल हैं. इनमें से कई हथियार अभी पुलिस थानों और मालखानों में रखे हैं, क्योंकि आपराधिक मामलों में वे भौतिक साक्ष्य यानी केस प्रॉपर्टी बन चुके हैं.

नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों से हथियार लूटे जाने के बाद संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज हुई थी. बाद में मुठभेड़ या किसी अन्य कार्रवाई में वही हथियार बरामद होने पर आर्म्स एक्ट और यूएपीए के तहत मामले दर्ज किए गए. इस वजह से एक ही हथियार लूट और बरामदगी से जुड़े अलग-अलग मुकदमों में साक्ष्य बन सकता है.

कोर्ट की अनुमति के बिना दोबारा इस्तेमाल नहीं

कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, केस प्रॉपर्टी बने हथियारों को ट्रायल खत्म होने तक मालखाने में रखना हर मामले में अनिवार्य नहीं है. एफएसएल और बैलिस्टिक जांच, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और पंचनामा जैसी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद संबंधित अदालत से अंतरिम सुपुर्दगी मांगी जा सकती है. हालांकि, कोर्ट की अनुमति और तकनीकी जांच के बाद ही हथियारों को दोबारा इस्तेमाल के लिए दिया जा सकेगा.

अधिवक्ता अवधेश झा के अनुसार, संबंधित एसपी या बटालियन कमांडेंट ट्रायल कोर्ट में अंतरिम सुपुर्दगी का आवेदन दे सकते हैं. उन्होंने केस प्रॉपर्टी को लंबे समय तक मालखाने में रखने से बचने से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के सुंदरभाई अंबालाल देसाई बनाम गुजरात राज्य फैसले का भी उल्लेख किया.

सीरियल नंबर और बैलिस्टिक जांच जरूरी

बरामद हथियारों की वापसी से पहले उनके सीरियल नंबर की पहचान की जाती है. यदि नंबर घिस दिए गए हों तो फॉरेंसिक विशेषज्ञ केमिकल एचिंग जैसी तकनीक से उन्हें उभारने का प्रयास करते हैं. इससे हथियार के मूल आवंटन और स्वामित्व का पता लगाने में मदद मिल सकती है.

इसके अलावा टेस्ट फायरिंग के बाद गोलियों और खोखों पर बने निशानों का पुराने घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों से मिलान किया जाता है. इससे यह जांचने में मदद मिलती है कि हथियार का इस्तेमाल किन वारदातों में हुआ था.

बस्तर आईजी बीएन मीणा के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिले ऐसे हथियार जो किसी अपराध में शामिल नहीं हैं, संबंधित यूनिटों को लौटाए जा रहे हैं. अदालत में लंबित मामलों से जुड़े हथियार न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वापस किए जाएंगे. लंबे समय तक रखे रहने से हथियारों में जंग और तकनीकी खराबी का खतरा भी बताया गया है.