छत्तीसगढ़ के अनुसूचित क्षेत्रों में 80 से अधिक ग्राम पंचायतों ने गांवों की सीमाओं पर ऐसे सूचना बोर्ड लगाए हैं, जिनमें पादरियों और धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक की बात लिखी गई है. ग्राम सभाओं का कहना है कि ये फैसले पारंपरिक संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए लिए गए हैं.
इन बोर्डों में संविधान की पांचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम, 1996 का हवाला देते हुए ग्राम सभाओं के अधिकारों का उल्लेख किया गया है. इस फैसले को लेकर कानूनी और सामाजिक बहस तेज हो गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ ईसाई संगठनों ने जशपुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर इन प्रतिबंधों का विरोध किया है. संगठनों ने ग्राम पंचायतों के फैसले पर आपत्ति जताई है.
कांकेर से शुरू हुई प्रक्रिया
यह प्रक्रिया जून 2025 में कांकेर जिले के कुदाल और पारवी समेत कई गांवों में ग्रामसभा प्रस्तावों से शुरू हुई थी. अगस्त 2025 से इन क्षेत्रों में बड़े सूचना बोर्ड लगाए जाने लगे. बाद में जशपुर की जबला ग्राम पंचायत ने भी पादरियों और ननों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया. सोगड़ा, चड़िया, डूमरटोली और टेम्पू समेत अन्य पंचायतों में भी बोर्ड लगाए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने 16 फरवरी को ऐसे बोर्ड हटाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी. अदालत ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अक्तूबर 2025 के आदेश को बरकरार रखा, जिसमें कांकेर के गांवों में लगाए गए संबंधित होर्डिंग को असंवैधानिक नहीं माना गया था.
