छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी के मामलों में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 2021 से 28 मई 2026 तक 154 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन कार्रवाई में 193 शासकीय सेवकों और लोकसेवकों को रिश्वत लेते पकड़ा गया. मामलों में रिश्वत की कुल रकम 51 लाख 67 हजार 540 रुपये दर्ज की गई है.
इन प्रकरणों में एसडीएम, तहसीलदार, इंजीनियर, बाबू और अलग-अलग विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस अवधि में केवल छह मामलों में सजा दर्ज हुई है. इससे रिश्वतखोरी के मामलों में गिरफ्तारी के बाद न्यायिक प्रक्रिया की स्थिति भी महत्वपूर्ण बनती है.
राजस्व विभाग के सबसे ज्यादा मामले
विभागवार आंकड़ों में राजस्व विभाग सबसे आगे रहा. यहां 56 ट्रैप प्रकरणों में 67 अधिकारी-कर्मचारियों को पकड़ा गया. जमीन के सीमांकन, नामांतरण और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार जैसे कामों से जुड़े मामलों का इसमें प्रमुख हिस्सा रहा.
स्कूल शिक्षा विभाग में 20 प्रकरणों में 25 कर्मचारी पकड़े गए. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 14 मामलों में 15, गृह यानी पुलिस विभाग में 10 मामलों में 13 और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में सात प्रकरणों में 10 अधिकारी-कर्मचारी ACB की कार्रवाई में पकड़े गए.
2025 में सबसे ज्यादा कार्रवाई
वर्षवार आंकड़ों में 2025 सबसे आगे रहा. इस साल 60 ट्रैप प्रकरण दर्ज हुए और 71 अधिकारी-कर्मचारियों को पकड़ा गया. 2024 में 44 मामलों में 57 लोग पकड़े गए. 2021 में 13 प्रकरणों में 14 और 2022 में 13 प्रकरणों में 18 अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए. 2023 में कोई ट्रैप प्रकरण दर्ज नहीं हुआ. 2026 में 28 मई तक 24 मामलों में 33 लोगों को पकड़ा गया.
किन कामों के लिए मांगी गई रिश्वत
निर्माण कार्यों के बिल पास कराने और भुगतान जारी कराने से जुड़े 14 प्रकरण दर्ज हुए. जमीन के सीमांकन और नामांतरण से जुड़े आठ-आठ मामले सामने आए. राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के आठ, मुआवजा दिलाने के छह और पेंशन या ग्रेच्युटी जारी कराने के पांच मामले दर्ज किए गए.
जिलावार आंकड़ों में सूरजपुर 16 प्रकरणों के साथ सबसे ऊपर रहा. रायपुर में 13, सरगुजा में 12, रायगढ़ में 11, मुंगेली और बिलासपुर में आठ-आठ तथा दुर्ग, बलरामपुर और जांजगीर-चांपा में सात-सात मामले दर्ज हुए.
