छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ईओडब्ल्यू-एसीबी) ने भ्रष्टाचार और वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े दो मामलों में अदालतों में आरोपपत्र दाखिल किए हैं. इनमें बिलासपुर के बर्खास्त जीआरपी आरक्षक लक्ष्मण गाईन और कोंडागांव जिले की बड़े डोंगर शाखा के पूर्व बैंक प्रबंधक भावेश विश्वकर्मा शामिल हैं.
लक्ष्मण गाईन पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप
बिलासपुर की विशेष अदालत में दाखिल आरोपपत्र के अनुसार, जांच के दौरान लक्ष्मण गाईन की ज्ञात आय 86.76 लाख रुपये आंकी गई. इसके मुकाबले जांच अवधि में उसका कुल खर्च और संपत्तियों में निवेश करीब 1.90 करोड़ रुपये पाया गया. एजेंसी के मुताबिक, यह राशि ज्ञात आय से 1,03,33,033.50 रुपये अधिक है.
एसीबी ने 1 दिसंबर 2024 को बिलासपुर स्थित गाईन के आवास समेत कई ठिकानों पर तलाशी ली थी. जांच एजेंसी के अनुसार, वहां से संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज मिले. गाईन को गांजा जब्ती और कथित अवैध वसूली से जुड़े मामले के बाद 19 नवंबर 2024 को सेवा से बर्खास्त किया गया था.
पूर्व बैंक प्रबंधक पर 36.79 लाख रुपये के गबन का मामला
कोंडागांव की विशेष अदालत में पेश आरोपपत्र में ईओडब्ल्यू ने भावेश विश्वकर्मा पर 36,79,323 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. जांच के अनुसार, वह 25 जून 2019 से 18 जनवरी 2022 तक बड़े डोंगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में प्रबंधक था.
आरोप है कि उसने अन्य अधिकारियों की जानकारी के बिना उनकी यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया. इसके बाद कार्यालयीन, फसल बीमा, ग्राहकों के बचत-ऋण और महिला स्वयं सहायता समूहों के खातों से रकम निकालकर अपने निजी समेत अन्य खातों में ट्रांसफर की. बैंक ने 4 अप्रैल 2022 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी और 27 सितंबर 2022 को उसे बर्खास्त किया गया. आरोपपत्र दाखिल होने के बाद दोनों मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
