रायपुर. छत्तीसगढ़ में सरकारी कामकाज और तकनीकी विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की योजना पर राज्य सरकार ने काम शुरू किया है. मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ AI मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई. बैठक में मिशन के क्रियान्वयन और AI आधारित तकनीकी विकास के रोडमैप पर चर्चा की गई.

बैठक में रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में पांच सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना रखी गई. रायपुर में इन केंद्रों के काम को NIT और IIIT नया रायपुर के सहयोग से आगे बढ़ाने की बात कही गई है. इसके अलावा मिशन के पहले वर्ष में 20 AI डेटा लैब स्थापित करने का लक्ष्य बताया गया. इन लैब के जरिए डेटा आधारित शोध और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की योजना है.

1.5 लाख कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की योजना

राज्य सरकार करीब 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को AI तकनीक का प्रशिक्षण देने की तैयारी कर रही है. प्रशिक्षण के पहले चरण में 15 हजार सरकारी सेवकों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए IIIT, NIT और IIM जैसे संस्थानों का सहयोग लेने की योजना है. इसका उद्देश्य विभागीय कामकाज में AI आधारित प्रणालियों का इस्तेमाल बढ़ाना और प्रशासनिक दक्षता में सुधार करना है.

मिशन के तहत स्कूली विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा के छात्रों के लिए भी विशेष पाठ्यक्रम और डिजिटल अध्ययन सामग्री तैयार करने की योजना है. पहले वर्ष में बड़ी संख्या में युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने का लक्ष्य बताया गया है.

राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के साथ AI आधारित शोध परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए अनुदान, चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्ताव भी बैठक में शामिल किए गए.

मुख्य सचिव ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुरूप समन्वय कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए. बैठक में नगरीय प्रशासन, स्कूल शिक्षा, वित्त, कौशल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.