छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव को देखते हुए शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रखा गया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है. ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों को जोखिम से बचाने के लिए प्रदेशभर के विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने, सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
राहत और बचाव कार्यों पर प्रशासन की नजर
मुख्यमंत्री के अनुसार बस्तर संभाग समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश के कारण बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है. जिला कलेक्टरों को राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से चलाने और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.
लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट रहने और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेशवासियों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की गई है.
कई जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर और धमतरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ मध्यम बारिश की संभावना बताई गई है.
बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, महासमुंद, गरियाबंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
