छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है. संगठन की जिला अध्यक्ष भुनेश्वरी तिवारी के अनुसार, लंबे समय से मांगें उठाए जाने के बावजूद शासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.

घोषित कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को नुक्कड़ नाटक और 18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा. 19 नवंबर को कार्यकर्ता काला चश्मा और काली साड़ी पहनकर काला दिवस मनाएंगी. इसके बाद तीन दिवसीय जिला स्तरीय आंदोलन प्रस्तावित है. 11 और 12 दिसंबर को दो दिवसीय प्रांतीय महापड़ाव आयोजित करने की भी घोषणा की गई है.

संगठन ने कहा है कि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी. प्रमुख मांगों में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण तथा नियमितीकरण होने तक 30 हजार रुपये मासिक मानदेय शामिल है.

इसके अलावा आयु सीमा में छूट देकर 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों में 50 प्रतिशत पदों पर बिना परीक्षा पदोन्नति और सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग की गई है. सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने की मांग भी रखी गई है.

संगठन ने पोषण ट्रैकर और अन्य ऐप के लिए बेहतर 5जी मोबाइल, इंटरनेट खर्च बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने, मुनगा ऐप पर काम नहीं लेने और महतारी वंदन योजना से जुड़े कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग भी की है.