छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा. छठवीं विधानसभा के 11वें सत्र के दौरान चार दिनों में कुल चार बैठकें प्रस्तावित हैं.
सत्र की अवधि को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि चार दिन का सत्र बेहद कम है. उन्होंने राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के लिए सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग की.
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
विपक्ष ने धान खरीदी, किसानों और युवाओं की समस्याओं, रोजगार, स्कूलों में शिक्षकों की कमी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है. इन विषयों पर सत्र के दौरान सरकार से जवाब मांगे जाने की संभावना है.
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सदन चलाने का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष के पास है और सत्तापक्ष विपक्ष के सवालों का जवाब देगा. उन्होंने विपक्ष से सत्र के दौरान कुतर्क के बजाय तर्क के साथ मुद्दे उठाने को कहा. मंत्री के अनुसार, विधानसभा सत्र विपक्ष के लिए सवाल उठाने का बेहतर अवसर है.
विपक्ष की ओर से सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग के बीच अब चार प्रस्तावित बैठकों में राज्य से जुड़े इन मुद्दों पर चर्चा पर नजर रहेगी.
