छत्तीसगढ़ के प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत सहायक शिक्षकों के लिए पदोन्नति का नया अवसर खुला है. संशोधित भर्ती नियमों के तहत निर्धारित शैक्षणिक और क्रीड़ा योग्यता रखने वाले वे सहायक शिक्षक, जिन्होंने पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, पदोन्नति के जरिए व्यायाम शिक्षक बन सकेंगे.

स्कूल शिक्षा विभाग ने व्यायाम शिक्षक, पीटीआई और सहायक कोच के पदों से जुड़े भर्ती नियमों में बदलाव किया है. संशोधन के बाद व्यायाम शिक्षक का पद तृतीय श्रेणी के लेवल-8 वेतनमान में रखा गया है. यह व्यवस्था मैदानी और जनजातीय, दोनों संवर्गों के लिए अलग-अलग लागू होगी.

2,435 पदों का कैडर स्वीकृत

व्यायाम शिक्षक, पीटीआई और सहायक कोच के कुल 2,435 पदों का कैडर स्वीकृत किया गया है. इनमें मैदानी क्षेत्र के ई-संवर्ग में 1,513 और जनजातीय क्षेत्र के टी-संवर्ग में 922 पद शामिल हैं. कुल पदों में 50 प्रतिशत पद पदोन्नति और बाकी 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे.

पदोन्नति और सीधी भर्ती की प्रक्रिया संभाग स्तर पर होगी. संबंधित संभाग के संयुक्त संचालक (शिक्षा) नियुक्ति प्राधिकारी होंगे. चयन के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई जाएगी. इसमें संयुक्त संचालक अध्यक्ष, जिला शिक्षा अधिकारी सदस्य, उप संचालक सदस्य-सचिव और सहायक संचालक (क्रीड़ा) विशेषज्ञ सदस्य होंगे.

सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है. छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष होगी. बीपीएड और डीपीएड जैसी योग्यता रखने वाले युवाओं को इन पदों से सरकारी स्कूलों में अवसर मिल सकता है.

नियमों में बदलाव से योग्य सहायक शिक्षकों को विभागीय पदोन्नति का रास्ता मिलेगा और स्कूलों में खेल तथा शारीरिक शिक्षा के लिए अलग मानव संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है.