छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 31 अक्टूबर से शुरू होगी. परीक्षा 4 नवंबर तक चलेगी. लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा की समय-सारणी जारी करने के साथ अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी उपलब्ध करा दिए हैं. इस भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर से 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
24 केंद्रों पर होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा के लिए राज्य में कुल 24 केंद्र बनाए गए हैं. रायपुर और बिलासपुर में छह-छह, जबकि दुर्ग और भिलाई में चार-चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं. जगदलपुर में दो केंद्र बनाए गए हैं. इसके अलावा सरगुजा और चांपा में एक-एक परीक्षा केंद्र रहेगा. अभ्यर्थियों को आवंटित केंद्र और परीक्षा पाली की जानकारी उनके प्रवेश पत्र में दी गई है.
परीक्षा हर दिन तीन पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा. पहली पाली के लिए प्रवेश सुबह 7 बजे, दूसरी के लिए 11 बजे और तीसरी पाली के लिए दोपहर 3 बजे से मिलेगा. परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
100 प्रश्न, गलत उत्तर पर कटेंगे अंक
सीबीटी में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अधिकतम 100 अंक होंगे. प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नकारात्मक अंकन व्यवस्था लागू रहेगी. परीक्षा के बाद संचालनालय मॉडल उत्तर जारी करेगा.
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है. विभाग ने उन्हें समय से पहले केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र में दिए सभी निर्देशों का पालन करने को कहा है.
