छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के 1,812 संविदा पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है. लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने इसके लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया है. पदों का जिलेवार आवंटन स्कूलों की आवश्यकता के आधार पर किया गया है.

जिलों में दुर्ग में सबसे अधिक 229 पद हैं. रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद शामिल हैं. सक्ती में 73, सरगुजा में 72, बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61, बालोद में 60, नारायणपुर में 59, रायगढ़ में 56 तथा बस्तर में 55 पद हैं.

किन पदों पर होगी भर्ती

विज्ञापन में व्याख्याता के 518 पद शामिल हैं. इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, भौतिकी के 53, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद हैं. अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास और भूगोल के पद भी इसमें शामिल हैं.

सहायक शिक्षक के 590 पद हैं. शिक्षक संवर्ग में अंग्रेजी के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी-संस्कृत के 34 पद हैं. इसके अलावा प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50, कंप्यूटर शिक्षक के 40, प्राथमिक प्रधानपाठक के 27 और पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24 पदों पर नियुक्ति होगी.

आवेदन से पहले मूल विज्ञापन देखें

अभ्यर्थी स्कूल शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल eduportal.cg.nic.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन से पहले पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम और मानदेय से जुड़ी शर्तों की पुष्टि मूल विज्ञापन से करने को कहा गया है. आवेदन की अंतिम तिथि और अन्य विस्तृत निर्देश भी पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार ही मान्य होंगे.

यह भर्ती प्रक्रिया पहले जिला स्तर पर शुरू की गई थी, जिसे 30 मई को निरस्त कर दिया गया था. अब डीपीआई ने केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत प्रक्रिया शुरू की है.