छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के 1812 पदों पर संविदा भर्ती होगी. लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इसके लिए विज्ञापन जारी किया है. भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर के बजाय केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत कराई जाएगी.

भर्ती में व्याख्याता के 518 पद शामिल हैं. इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, भौतिकी के 53, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद बताए गए हैं.

सहायक शिक्षक के 590 पद हैं. इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी/संस्कृत के 34 पद शामिल हैं. अन्य पदों में प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद हैं.

जिलावार पदों की स्थिति

जिलों में दुर्ग के लिए सबसे अधिक 229 पद रखे गए हैं. रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं. सक्ती में 73, सरगुजा में 72, जबकि बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद हैं. सुकमा में 9 और कोरिया में 8 पद हैं.

इससे पहले जिला स्तर पर शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया 30 मई को निरस्त कर दी गई थी. अब करीब चार महीने बाद केंद्रीकृत भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ है. अभ्यर्थी eduportal.cg.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन में पदवार योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और मानदेय की शर्तें देखना जरूरी होगा.