छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आयुष विभाग में कार्यरत पांच फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को राहत देते हुए 1 अप्रैल 2006 से 2400 ग्रेड पे का लाभ देने का निर्देश दिया है. अदालत ने राज्य शासन से 5200-20200 वेतनमान के आधार पर वेतन का दोबारा निर्धारण करने और संबंधित सेवा लाभों में संशोधन करने को कहा है.
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने यह आदेश पांच फार्मासिस्टों की याचिका का निराकरण करते हुए दिया. अदालत ने शासन को आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार महीने के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.
याचिकाकर्ताओं में बिलासपुर जिले के अमरकंठ प्रसाद राज, कुंज बिहारी बिरको और सालिक राम बिरको, रायपुर जिले के चंपालाल दीवान तथा मुंगेली जिले के नीरसिंह ध्रुव शामिल हैं. सभी आयुष विभाग के अंतर्गत सरकारी आयुर्वेद औषधालयों में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं.
याचिका में कहा गया था कि स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को 1 अप्रैल 2006 से 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड पे दिया जा रहा है, जबकि आयुष विभाग के कर्मचारियों को यह लाभ 1 जनवरी 2016 से मिल रहा था. समान पद और समान कार्य के बावजूद अलग-अलग प्रभावी तिथि को चुनौती दी गई थी.
मामले में राज्य शासन की ओर से मांग का विरोध नहीं किया गया. हालांकि, शासन ने लाभ देने से पहले कर्मचारियों की पात्रता और संबंधित अभिलेखों का सत्यापन करने की बात कही. हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि वेतन पुनर्निर्धारण और अन्य लाभ इसी सत्यापन के अधीन होंगे. अदालत ने पूर्व के समान फैसलों को आधार बनाते हुए कहा कि इस मामले में अलग दृष्टिकोण अपनाने का कारण नहीं है.
