छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज में गड़बड़ी पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने 16 निजी अस्पतालों का योजना के तहत पंजीकरण रद्द कर दिया है. विभाग ने 19 अस्पतालों की जांच की थी, जिनमें 16 में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं सामने आईं. इनमें रायपुर के आठ अस्पताल शामिल हैं.

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 11 अस्पतालों में मरीजों से इलाज के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायत सही पाई गई. सात अस्पतालों में बिना जरूरत मरीजों को भर्ती करने, पांच में इलाज के पैकेज की गलत कोडिंग करने और छह में एजेंटों के जरिए मरीज लाने की गड़बड़ी मिली. दो अस्पतालों में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले भी सामने आए.

रायपुर के श्री अनंत साई अस्पताल, एसके केयर अस्पताल, श्री महावीर अस्पताल, श्रीनिवास अस्पताल, वरदान अस्पताल, सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, हेरिटेज अस्पताल और श्री रावतपुरा सरकार अस्पताल पर कार्रवाई की गई है. इन अस्पतालों में अतिरिक्त वसूली, एजेंटों के जरिए मरीज लाने, गलत पैकेज कोडिंग, फर्जी दस्तावेज और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी गड़बड़ियां बताई गई हैं.

दुर्ग के पल्स अस्पताल और श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, कोंडागांव के नेताम अस्पताल एवं इन्फर्टिलिटी सेंटर, कोरबा के हरि कृष्णा केयर अस्पताल, बस्तर के स्वामी चंद्रशेखरानंद अस्पताल, कबीरधाम के जय जगन्नाथ हेल्थकेयर तथा बिलासपुर के अशोक प्रसूति मंदिर और केयर एन क्योर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पर भी कार्रवाई हुई है.

तीन अस्पतालों में बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली

जांच में बिलासपुर के मेहता चिल्ड्रन नर्सिंग होम, रायपुर के विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा के डीएचटी अस्पताल में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली.

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त संचालक इंद्रजीत बर्मन के अनुसार, अभी की कार्रवाई आयुष्मान योजना के पंजीकरण तक सीमित है. नर्सिंग होम एक्ट के तहत जांच के लिए अलग टीम बनाई गई है. इस प्रक्रिया में अस्पतालों के पंजीकरण, संचालन, सुविधाओं, स्टाफ और मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं के मानकों की जांच होगी. गंभीर अनियमितता मिलने पर उस कानून के तहत भी अस्पताल का पंजीकरण रद्द किया जा सकता है.