छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार और बेमेतरा जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई. बलौदाबाजार में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की जान गई. वहीं, बेमेतरा में दो कारों और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई और चार लोग घायल हो गए.
बलौदाबाजार में पिता और दो बच्चों की मौत
पहला हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ. ग्राम खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव (39) अपने बच्चों निहारिका ध्रुव (16) और टोमेश ध्रुव (12) के साथ बाइक से बलौदाबाजार आए थे. वे पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालने के बाद गांव लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
हादसे में तीनों की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. सिटी कोतवाली पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
बेमेतरा में दो कारों और ट्रैक्टर की भिड़ंत
दूसरा हादसा बेमेतरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित सतनाम चौक पर हुआ. जानकारी के मुताबिक, नवागांव से लौट रहा एक परिवार कार में सवार था. कार में तीन महिलाएं और चालक समेत चार लोग थे. इसी दौरान बेमेतरा की ओर से आ रही दूसरी कार ने उसे टक्कर मार दी.
परिवार की कार में आगे बैठी एक महिला की मौके पर मौत हो गई. वह बेरला क्षेत्र के ग्राम सोढ़ की रहने वाली थीं. दूसरी कार में सवार दो युवकों में से वाइस उर्फ लक्की देशलहरे की भी मौत हो गई. वह बेमेतरा का निवासी था. दूसरी कार के चालक की पहचान जुटाई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार ने एक अन्य Tata कार और ट्रैक्टर को भी टक्कर मारी, फिर मकान की दीवार से जा भिड़ी. दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. कार में फंसे लोगों को दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया और घायलों को एसआरएस अस्पताल ले जाया गया.
शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और लापरवाही की बात सामने आई है. चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
