छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा और बीजापुर जिलों में भारी बारिश के चलते 25 सितंबर 2026 को सभी स्कूल बंद रहेंगे. जिला शिक्षा अधिकारियों ने कलेक्टरों के निर्देश पर अवकाश संबंधी आदेश जारी किए हैं. यह आदेश सरकारी, निजी और अर्धशासकीय या अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा.
बस्तर में परीक्षा की नई तारीख बाद में
बस्तर जिले में लगातार बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है. जिले में 25 सितंबर को प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा भी स्थगित रहेगी. परीक्षा की नई तारीख के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी.
बीजापुर में परीक्षाओं का बदला कार्यक्रम
बीजापुर में प्राथमिक, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 25 सितंबर को अवकाश रहेगा. इसके साथ ही उस दिन होने वाली त्रैमासिक परीक्षाओं का कार्यक्रम बदला गया है. मिडिल और माध्यमिक स्तर की परीक्षा अब 28 सितंबर 2026 को निर्धारित समय पर होगी. हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षा 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी.
सुकमा में नदी-नाले उफान पर
सुकमा जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. अतिवृष्टि और संभावित रूप से प्रभावित आवागमन को देखते हुए कलेक्टर ने 25 सितंबर को एक दिन के लिए स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को सतर्क किया गया है.
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और उफनते जलस्रोतों को पार करने की कोशिश नहीं करने की अपील की है.
