छत्तीसगढ़ में बीएड और डीएलएड पाठ्यक्रमों के सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए तीसरे और अंतिम चरण की काउंसलिंग 5 नवंबर से शुरू होगी. यह प्रक्रिया पहले दो चरणों के बाद रिक्त बची सीटों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है. अभ्यर्थी 10 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर कॉलेजों के विकल्प भर सकेंगे.

इस चरण में नए अभ्यर्थियों के अलावा वे उम्मीदवार भी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने पहले पंजीकरण कराया था, लेकिन किसी कॉलेज में प्रवेश नहीं लिया या अपना प्रवेश निरस्त करा दिया. हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही किसी संस्थान में दाखिला ले लिया है, वे इस चरण में शामिल नहीं हो सकेंगे.

छह आवंटन सूचियों की प्रक्रिया

मेरिट और उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर पहले तीन आवंटन किए जाएंगे. इन सूचियों के बाद जिन पंजीकृत अभ्यर्थियों को कोई सीट नहीं मिली है, उन्हें 22 और 23 नवंबर को कॉलेज विकल्पों में संशोधन का मौका दिया जाएगा. इस सुविधा के लिए सहमति देना जरूरी होगा. इस दौरान नया रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा.

जिन अभ्यर्थियों को सीट नहीं मिली और जिन्होंने विकल्प संशोधन के लिए सहमति नहीं दी, उनके पहले से भरे विकल्प ही मान्य रहेंगे. इसके बाद चौथी, पांचवीं और छठवीं आवंटन सूची जारी की जाएगी. प्रवेश केवल उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर दिया जाएगा.

सीट मिलने पर दाखिला जरूरी

तीसरे चरण में शामिल होने के लिए सभी अभ्यर्थियों को सहमति देनी होगी. सीट आवंटित होने के बाद संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना अनिवार्य रहेगा. यदि अभ्यर्थी सीट मिलने के बावजूद दाखिला नहीं लेते हैं, तो उनका नाम आगे की आवंटन सूचियों में शामिल नहीं किया जाएगा और वे आगे की प्रवेश प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे.

नए अभ्यर्थियों को निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा, जबकि पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों से दोबारा शुल्क नहीं लिया जाएगा. कम अवधि वाली प्रक्रिया को देखते हुए अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है.