छत्तीसगढ़ में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के लिए भारतनेट परियोजना को विशेष परियोजना का दर्जा दिया गया है. केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग के निर्णय के अनुरूप राज्य शासन ने इसे लोकहित में अधिसूचित किया है. इससे नेटवर्क विस्तार के लिए जरूरी राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) अनुमतियों की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है.

नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को परिपत्र जारी किया है. इसमें भारतनेट से जुड़े आरओडब्ल्यू आवेदनों का निर्धारित नियमों और प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं.

किन कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

विशेष परियोजना के दर्जे के बाद भारतनेट के तहत बिछाए जाने वाले ऑप्टिकल फाइबर केबल, नेटवर्क उपकरण, टावर और अन्य दूरसंचार अवसंरचना के लिए जरूरी अनुमतियां संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकता से पूरी की जाएंगी. सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों से जुड़े क्षेत्रों में फाइबर बिछाने के लिए आरओडब्ल्यू अनुमति जरूरी होती है.

राज्य में दूरसंचार (मार्ग के अधिकार) नियम, 2024 को 1 जनवरी 2025 से लागू किया जा चुका है. भारतनेट को इन्हीं नियमों के अध्याय-4 की कंडिका 12(1) के तहत विशेष परियोजना के रूप में अधिसूचित किया गया है.

आरओडब्ल्यू आवेदन और अनुमति प्रक्रिया गतिशक्ति संचार पोर्टल या राज्य के उन्नत पोर्टल के जरिए डिजिटल रूप से की जाएगी. इसका उद्देश्य आवेदन से अनुमति तक का समय घटाना और विभागों के बीच समन्वय आसान बनाना है.

इस व्यवस्था के क्रियान्वयन के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (चिप्स) और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के समन्वय से निर्देश जारी किए गए हैं. परिपत्र की प्रतियां जिला कलेक्टरों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और क्षेत्रीय संयुक्त संचालकों को भी भेजी गई हैं.