छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे के दौरान हुई बैठकों में मंत्रियों के कामकाज, संगठन से समन्वय और 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई. बैठकों के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम से जब मंत्रियों को लेकर सामने आई शिकायतों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ‘नो कमेंट्स’ कहकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं. इस दौरान रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों-विधायकों, मौजूदा जनप्रतिनिधियों और निगम-मंडल के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें हुईं. इन बैठकों में संगठन की स्थिति और सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ 2028 में भाजपा की सरकार दोबारा बनाने की रणनीति पर भी बात हुई.

मीडिया से बातचीत के दौरान रामविचार नेताम ने कहा कि बैठक संगठन से जुड़ी थी और वह इसके बारे में चर्चा नहीं करेंगे. मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतों पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने केवल ‘नो कमेंट्स’ कहा.

विभागीय कामकाज और शिकायतों पर समीक्षा

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बैठक में दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल और गजेंद्र यादव समेत अन्य मंत्रियों के कामकाज पर चर्चा हुई. दयालदास बघेल से विभाग में सक्रियता बढ़ाने और कामकाज को अधिक प्रभावी ढंग से दिखाने को कहा गया. टंकराम वर्मा और श्याम बिहारी जायसवाल से भी विभागीय कामकाज में सुधार लाने की अपेक्षा जताई गई.

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से ट्रांसफर से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामलों को लेकर सवाल किए गए. रिपोर्ट के मुताबिक, उनसे पूछा गया कि ऐसे मामले सामने कैसे आ रहे हैं और इन्हें रोकने के लिए विभागीय व्यवस्था को कैसे दुरुस्त किया जा सकता है. अन्य मंत्रियों से बजट का समय पर उपयोग करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा गया.

बैठक में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों के दौरों पर भी चर्चा हुई. उनसे पूछा गया कि वे अपने प्रभार वाले जिलों में कितनी बार जाते हैं और कार्यकर्ताओं के साथ कितना संवाद करते हैं. उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन समेत अन्य प्रभारियों को जिलों के दौरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए. संगठन की ओर से यह बात रखी गई कि प्रभारी मंत्री की भूमिका केवल प्रशासनिक बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि वे कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए अधिकारियों से समन्वय भी करें.

सांसदों ने अधिकारियों के रवैये का मुद्दा उठाया

मौजूदा सांसदों के साथ बैठक में कुछ सांसदों ने अपनी सिफारिशों पर कार्रवाई नहीं होने की बात रखी. उन्होंने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं के बीच उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठते हैं. कुछ सांसदों ने अधिकारियों के रवैये पर भी नाराजगी जताई. इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा विजय शर्मा को बैठक में बुलाया गया, जहां सांसदों ने अपनी समस्याएं रखीं.

स्मृति ईरानी ने सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर ध्यान देने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दिया.

रामविचार नेताम के ‘नो कमेंट्स’ जवाब की तुलना जुलाई 2021 के उस राजनीतिक घटनाक्रम से की जा रही है, जब तत्कालीन मंत्री कवासी लखमा ने टीएस सिंहदेव से जुड़े विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में ‘ना कमेंस’ कहा था. वह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा और मीम्स का विषय बना था.