छत्तीसगढ़ में भाजपा के तीन राष्ट्रीय नेताओं का दौरा प्रस्तावित है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर तथा दुर्ग में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

जेपी नड्डा का रायपुर और दुर्ग कार्यक्रम

जेपी नड्डा 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वे सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे. दोपहर 3:15 बजे उनके दुर्ग के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है.

दुर्ग में नड्डा महेश कॉलोनी (पुलगांव) में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद शाम 4 बजे वे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होंगे. शाम 7 बजे उनके रायपुर लौटने की जानकारी दी गई है.

शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे. 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वे आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट में ‘खेत बचाओ अभियान’ और पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

इसके बाद दोपहर 1:30 बजे चौहान रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम भी भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रस्तावित है.

सुधांशु त्रिवेदी भी रायपुर में रहेंगे

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी के 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है. प्रवास के दौरान वे राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.