रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा निकाली. पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए. रायपुर में मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
कार्यक्रम के बाद रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से तेलीबांधा तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई. मुख्यमंत्री साय हाथों में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए. उनके साथ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. यात्रा के साथ बाइक रैली भी निकाली गई. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और कई विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु रहने की कामना की. साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को 2047 तक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है. उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उन्होंने उद्योग जगत और बिजनेस फेडरेशन से जुड़े लोगों से मुलाकात की.
साय के मुताबिक, प्रदेश में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाएंगे. रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इस योजना में शामिल किया गया है.
ईवीएम को लेकर कांग्रेस के सवालों पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष की आलोचना की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हार के बाद इसे जिम्मेदार ठहराती है. यह मुख्यमंत्री का राजनीतिक बयान है.
