छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी.

मंडल के मुताबिक, सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी. परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी सीट पर बैठना होगा. सुबह 9.05 बजे उत्तरपुस्तिकाएं और 9.10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे. उत्तर लिखने का समय सुबह 9.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक रहेगा.

12वीं कक्षा की प्रमुख तारीखें

हायर सेकेंडरी परीक्षा की शुरुआत 12 मार्च को हिंदी विषय से होगी. इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखाशास्त्र समेत विषयों की परीक्षा होगी. 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर निर्धारित है.

3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन और कृषि से जुड़े विषयों की परीक्षा होगी. 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को अलग-अलग भारतीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी.

10वीं कक्षा का कार्यक्रम

हाईस्कूल परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के पेपर से शुरू होगी. अंग्रेजी की परीक्षा 16 मार्च, सामाजिक विज्ञान की 18 मार्च, विज्ञान की 20 मार्च, हिंदी की 25 मार्च और गणित की 30 मार्च को होगी. व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा 1 अप्रैल को रखी गई है. दृष्टिहीन और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए संबंधित विषयों की परीक्षा 5 अप्रैल को होगी.

मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 के प्रथम और द्वितीय वर्ष का कार्यक्रम भी जारी किया है. प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 से 19 मार्च और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 से 20 मार्च के बीच होंगी.

मंडल ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बदलाव किया जा सकता है. परीक्षा अवधि में सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी. परीक्षार्थी और अभिभावक विस्तृत समय-सारणी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.