छत्तीसगढ़ में पोस्ट-MBBS बॉन्ड चिकित्सकों और पोस्ट-PG बॉन्ड चिकित्सकों, यानी बॉन्डेड सीनियर रेजिडेंट, के मानदेय में संशोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे मेडिकल ऑफिसर्स (MBBS) और मेडिकल स्पेशलिस्ट (PG) के मानदेय से जुड़े प्रस्ताव पर विचार करने के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की है.
समिति की अध्यक्षता अपर संचालक इंद्रजीत बर्मन करेंगे. उप संचालक स्थापना डॉ. अभिजीत बेनर्जी को सदस्य सचिव बनाया गया है. आदेश के अनुसार समिति को गठन संबंधी आदेश मिलने के 15 कार्यदिवस के भीतर अपना स्पष्ट मत देना होगा.
IMA ने एरिया और इंसेंटिव आधारित मानदेय की मांग की
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य विभाग से बॉन्ड चिकित्सकों का मानदेय बढ़ाने का अनुरोध किया था. एसोसिएशन का कहना है कि पोस्ट-MBBS और पोस्ट-PG बॉन्ड डॉक्टर ग्रामीण, दूरस्थ और अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं. इन क्षेत्रों में उनकी जिम्मेदारियां और कार्यभार अधिक हैं.
IMA ने महंगाई और कठिन सेवा परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा मानदेय पर्याप्त नहीं है. डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने और लंबे समय तक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए एसोसिएशन ने क्षेत्र-आधारित और प्रोत्साहन-आधारित मानदेय व्यवस्था का सुझाव दिया है.
समिति में ये अधिकारी शामिल
समिति में संयुक्त संचालक प्रेमलता चंदेल, उप संचालक देवेंद्र प्रधान, सहायक लेखा अधिकारी कोमल टंडन और डाटा एंट्री ऑपरेटर दुगेश कुमार गुरु सदस्य होंगे. समिति IMA की मांग और मानदेय संशोधन से जुड़े पहलुओं पर विचार कर अपनी राय देगी. इसके बाद मानदेय में बदलाव को लेकर आगे निर्णय लिया जा सकेगा.
