छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में खाली सीटों को भरने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने दूसरे और मॉप-अप चरण की संयुक्त ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू की है. इस चरण में बीएससी नर्सिंग की पात्रता में विशेष छूट दी गई है. व्यापमं की प्रवेश परीक्षा में 10 परसेंटाइल तक अंक पाने वाले अभ्यर्थी भी अब बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए पात्र होंगे.
अभ्यर्थी 20 नवंबर सुबह 11 बजे से 22 नवंबर दोपहर दो बजे तक पंजीयन और कॉलेजों के विकल्प भर सकेंगे. काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग के अलावा एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की रिक्त सीटों पर भी प्रवेश दिया जाएगा.
राज्य शासन के 18 नवंबर के आदेश के अनुसार 10 परसेंटाइल की छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू है. अन्य पाठ्यक्रमों में पहले से निर्धारित पात्रता शर्तें ही प्रभावी रहेंगी.
काउंसिलिंग समिति के अनुसार, पहले चरण में भरे गए विकल्प इस चरण में मान्य नहीं होंगे. सभी पात्र अभ्यर्थियों को कॉलेज और विषय का चयन नए सिरे से कर विकल्प लॉक करना अनिवार्य है. पहले पंजीयन करा चुके, लेकिन सीट नहीं पाने या प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थी बिना अतिरिक्त शुल्क के दोबारा चॉइस फिलिंग कर सकेंगे. पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र विद्यार्थियों को सीट अपग्रेडेशन का अवसर भी मिलेगा.
आवेदन में सुधार के लिए 22 नवंबर दोपहर दो बजे तक विकल्प खुला रहेगा. इसके लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित है. भारतीय उपचर्या परिषद ने प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की है और इसके बाद समय-सीमा बढ़ाने की बात नहीं कही है. अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग और सीट आवंटन की ताजा जानकारी के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के आधिकारिक पोर्टल का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है.
