छत्तीसगढ़ में यात्री बसों का सफर महंगा हो गया है. परिवहन विभाग ने साधारण, डीलक्स और वातानुकूलित बसों समेत अलग-अलग श्रेणियों के लिए नई किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी है. नई व्यवस्था में पहले 5 किलोमीटर और उसके बाद की दूरी के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं.

साधारण बस में पहले 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 10 रुपये किराया देना होगा. इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये की दर लागू होगी. डीलक्स बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये और इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 2.20 रुपये तय किया गया है.

सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए प्रति यात्री 12 रुपये किराया होगा. इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 3.30 रुपये देने होंगे. अर्द्ध-शयनयान और शयनयान श्रेणी की वातानुकूलित बसों के लिए भी यही दर निर्धारित की गई है. डीलक्स बसों की रात्रिकालीन सेवा के लिए प्रति किलोमीटर 2.20 रुपये की दर रखी गई है, जबकि साधारण रात्रिकालीन बस सेवा का किराया सामान्य सेवा से 10 प्रतिशत अधिक होगा.

हड़ताल की चेतावनी के बाद बनी सहमति

किराया बढ़ाने समेत नौ मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी. इसके बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप और अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी. सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद महासंघ ने प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी थी. अंतिम निर्णय के लिए कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार था.

महासंघ ने डीजल और संचालन लागत बढ़ने का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग की थी. उसकी अन्य मांगों में सिंगल स्लीपर सीट पर सिंगल टैक्स, ई-बसों का शहर की सीमा तक संचालन, VLTD नवीनीकरण शुल्क में कमी, मैनुअल फिटनेस और ऑनलाइन परमिट की सुविधा शामिल थीं.

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने किराया बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कहा कि इससे जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा.