छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करना जल्द महंगा हो सकता है. राज्य सरकार ने बस किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति के संकेत दिए हैं. हालांकि नई दरें अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई हैं. परिवहन विभाग की मंजूरी और आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा.

प्रस्ताव के मुताबिक, सामान्य सीटिंग बस में शुरुआती पांच किलोमीटर की यात्रा का किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये किया जा सकता है. इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 1.75 रुपये किराया प्रस्तावित है. वर्तमान में यह दर करीब एक रुपये प्रति किलोमीटर बताई गई है. मंत्रिपरिषद की बैठक में किराया बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा हुई है और अंतिम निर्णय के बाद परिवहन मंत्री नई दरों की घोषणा कर सकते हैं.

अलग-अलग बस श्रेणियों के लिए प्रावधान

परिवहन विभाग ने बसों की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रा की दूरी के आधार पर किराया तय करने का प्रस्ताव तैयार किया है. इसे परिवहन और वित्त विभाग की मंजूरी के बाद विधि विभाग की प्रक्रिया से गुजरना होगा. इस दौरान प्रस्तावित दरों में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है.

बस संचालक संगठन पिछले चार वर्षों से किराया संशोधन की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि डीजल, रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्च बढ़ने से मौजूदा किराए पर बस चलाना मुश्किल हो रहा है. हाल में बस ओनर्स फेडरेशन ने साधारण बसों के किराए में 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों में 30 प्रतिशत वृद्धि की मांग रखी थी. अंतिम किराया और उसके लागू होने की तारीख सरकार के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगी.