रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था, उच्च शिक्षा और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े फैसलों को मंजूरी दी गई. बैठक में नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में कॉलेज संचालन के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपये के अनुदान का प्रावधान किया गया.

अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर देने के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद कॉलेज को यह अनुदान मिलेगा. कॉलेज शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू हुआ है. इसके संचालन और अधोसंरचना विकास के लिए निजी कॉलेज स्थापना नियमों के कुछ मापदंडों में छूट को भी मंजूरी दी गई है.

एक हजार से कम आबादी वाली पंचायतों को अनुदान

कैबिनेट ने ‘छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026’ के प्रारूप को मंजूरी दी. नए नियमों में जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 19 तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय बिंदु शामिल किए जाएंगे. वर्ष 2024 के पुराने नियम निरस्त किए जाएंगे.

एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों को नल-जल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ दिया जाएगा. इसके लिए पंचायतों को हर महीने कम से कम 50 प्रतिशत जल शुल्क वसूलना होगा. वार्षिक जल शुल्क का 75 प्रतिशत से अधिक संग्रह करने वाली पंचायतों को हर साल 50 हजार रुपये की ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ मिलेगी. लगातार दो वर्षों तक शत-प्रतिशत मीटरिंग करने वाली पंचायतों को एकमुश्त 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा.

राजनांदगांव में दो संस्थानों के लिए जमीन

कैबिनेट ने राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में बाल संप्रेक्षण गृह के भवन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को 0.223 हेक्टेयर यानी 24,090 वर्गफीट भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी. इसके अलावा बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय के लिए आवंटित की गई.