रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में अतिथि व्याख्याताओं, पूर्व अग्निवीरों और फिल्म कर से जुड़े कई फैसले लिए गए. बैठक में शासकीय महाविद्यालयों में लागू अतिथि व्याख्याता नीति में संशोधन के बाद जारी नीति-2026 का कार्योत्तर अनुमोदन किया गया.

संशोधित नीति में मेरिट सूची से जुड़े प्रावधानों को स्पष्ट किया गया है. समान अंक होने पर छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी को वरीयता दी जाएगी. अनुभव के आधार पर अधिकतम 30 अंक दिए जाने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. अब शासकीय महाविद्यालय के अलावा राजकीय विश्वविद्यालय में किसी एक शैक्षणिक सत्र के दौरान कम से कम पांच महीने अध्यापन करने वाले अभ्यर्थी को पांच अनुभव अंक मिलेंगे.

मंत्रिपरिषद ने शासकीय महाविद्यालयों और राजकीय विश्वविद्यालयों से विस्थापित अतिथि व्याख्याताओं को रिक्त पदों पर पुनर्नियोजन का अवसर देने का फैसला किया. मानदेय व्यवस्था में भी बदलाव होगा. कालखंड आधारित भुगतान के बजाय कार्य-दिवस आधारित मानदेय लागू किया जाएगा. संशोधित नीति में कार्य-दायित्व, कार्य-अवधि और आकस्मिक अवकाश से जुड़े प्रावधान भी स्पष्ट किए गए हैं.

पूर्व अग्निवीरों के लिए भर्ती नियम मंजूर

पूर्व अग्निवीरों को राज्य की सिविल सेवाओं के तृतीय श्रेणी पदों पर 10 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा पूर्व अग्निवीर सैनिक भर्ती नियम, 2026 को मंजूरी दी गई. इसका लाभ पुलिस विभाग में आरक्षक, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में जेल प्रहरी के पदों पर मिलेगा. नियमों में नियुक्ति, सेवा शर्तों, भर्ती मापदंड, आरक्षण और चयन प्रक्रिया का प्रावधान किया गया है.

कैबिनेट ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने संबंधी आदेश का भी अनुसमर्थन किया. इसके तहत फिल्म के प्रदर्शन पर दर्शकों से वसूले जाने वाले SGST के बराबर राशि की प्रतिपूर्ति सिनेमाघरों को की जाएगी.