रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों, शासकीय सेवकों, बिजली उपभोक्ताओं और राज्य की विकास परियोजनाओं से जुड़े कई फैसले लिए गए.

15 नवंबर से धान खरीदी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू होगी. सरकार 27.50 लाख से अधिक किसानों से ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर पर अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदेगी.

पिछले वर्ष पंजीकृत और एग्रीस्टेक आईडी वाले किसानों को धान बेचने के लिए दोबारा पंजीयन नहीं कराना होगा. किसानों को समिति में ऋण पुस्तिका लाने की जरूरत भी नहीं होगी. खरीदी प्रक्रिया में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू होगी. 360 नए उपार्जन केंद्र जुड़ने के बाद राज्य में कुल 3,100 केंद्रों पर खरीदी की जाएगी.

कृषक उन्नति योजना में भी बदलाव को मंजूरी दी गई है. धान फसल पर आदान सहायता अब प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के आधार पर देने का प्रावधान होगा.

बिजली और कैशलेस इलाज की सुविधा

मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली बिल में मिल रही राहत जारी रहेगी. इस योजना में 400 यूनिट तक मासिक खपत वाली पात्रता अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई गई है. इससे करीब 7.25 लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलने का अनुमान है.

शासकीय सेवकों और उनके आश्रित परिवारजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. सूचीबद्ध अस्पतालों में डिजिटल पूर्व-अनुमोदन और कैशलेस उपचार की व्यवस्था होगी.

रेल और औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी

कटघोरा-तखतपुर-मुंगेली-कवर्धा-खैरागढ़-डोंगरगढ़ रेल परियोजना के लिए छत्तीसगढ़ रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से ₹1,000 करोड़ के राज्य इक्विटी निवेश को स्वीकृति मिली. लगभग 295 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब ₹8,000 करोड़ है. रेल मंत्रालय भी ₹1,000 करोड़ का योगदान देगा.

बैठक में कूंरा नगर पंचायत का नाम बदलकर कुंवरगढ़ करने, अधोसंरचना, पर्यटन और खेल विकास के लिए तीन मिशनों को मंजूरी देने तथा 1,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली कोल गैसीफिकेशन परियोजनाओं के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज का प्रावधान करने का फैसला भी लिया गया. राजनांदगांव के सोमनी में करीब ₹400 करोड़ की मल्टी फ्रूट प्रोसेसिंग फैसिलिटी के लिए 31.55 एकड़ भूमि आवंटन को भी स्वीकृति दी गई.