रायपुर में मंगलवार को छत्तीसगढ़ सरकार की कई अहम गतिविधियां होंगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में धान खरीदी सीजन 2026-27 के उपार्जन और कस्टम मिलिंग नीति को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है. राज्योत्सव और कर्मचारी संगठनों की मांगों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हो सकती है.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में होगी. धान खरीदी को लेकर मंत्रिमंडलीय उपसमिति के निर्णयों पर चर्चा के बाद नीतिगत प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा.

मुख्यमंत्री इसके बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल होंगे और स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करेंगे. शाम को वे सर्किट हाउस में आयोजित उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा रोहिणीपुराण में होने वाले करमा पूजा पर्व महोत्सव में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है.

उत्कृष्ट किसानों का सम्मान

सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस के नए हॉल में उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. यह आयोजन किसान नेता और सिंचाई पुरुष के रूप में याद किए जाने वाले दिवंगत मनहरण लाल पाण्डेय की 88वीं जयंती के अवसर पर किया जा रहा है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेंगे. कृषि मंत्री रामविचार नेताम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

10 सूत्रीय मांगों को लेकर किसान रैली

भारतीय किसान संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के आह्वान पर प्रदेश के 33 जिलों से महिला और पुरुष किसान अन्नदाता गर्जना महारैली में शामिल होंगे. रैली सुबह 11 बजे नवा रायपुर के तूता धरनास्थल से शुरू होकर महानदी भवन के घेराव तक जाएगी. पुलिस प्रशासन ने रैली को देखते हुए नवा रायपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की है.

किसानों की मांगों में धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये से बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करना, फल और सब्जी उत्पादकों को कृषक उन्नति योजना में शामिल करना तथा 2022-23 की धान खरीदी की 1,700 करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान शामिल है. किसान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से 15 फरवरी तक कराने, तौल सीमा तय करने, बाढ़ प्रभावित फसलों का सर्वे और मुआवजा देने तथा टोकन व्यवस्था में सुधार की मांग भी रखेंगे.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का भी कबीरधाम जिले के बोड़ला, पिपरिया और बंदनी कुमान का दौरा प्रस्तावित है. वे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती बच्चों से मुलाकात करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों और ग्रामीणों से संवाद करेंगे.