छत्तीसगढ़ सरकार ने कैंसर को नोटिफाइड डिजीज की श्रेणी में शामिल किया है. इसके बाद राज्य में कैंसर के हर पक्के या संदिग्ध मामले की जानकारी सरकार को देना अनिवार्य होगा. लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है.
नई व्यवस्था के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों, डिस्पेंसरी, मेडिकल कॉलेजों, पैथोलॉजी व हेमेटोलॉजी लैब, रेडियोलॉजी और इमेजिंग सेंटर, डायग्नोस्टिक सेंटर तथा कैंसर देखभाल से जुड़े संगठनों को रिपोर्टिंग के दायरे में रखा गया है.
पहचान के एक महीने के भीतर रिपोर्ट
किसी मरीज में कैंसर की पहचान होने के बाद संबंधित स्वास्थ्य संस्थान को तय प्रक्रिया के तहत एक महीने के भीतर जानकारी देनी होगी. संदिग्ध मामले में इलाज करने वाले डॉक्टर को मरीज को जरूरी जांच के लिए भेजना होगा. कैंसर की पुष्टि होने पर पैथोलॉजिस्ट को निर्धारित कैंसर नोटिफिकेशन फॉर्म भरकर संबंधित प्राधिकारी को जानकारी उपलब्ध करानी होगी.
कैंसर से जुड़े मामलों का डेटा एक केंद्रीकृत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. सरकार के अनुसार, अभी कैंसर रजिस्ट्री में जानकारी देना मुख्य रूप से स्वैच्छिक है, जिसके कारण कई मामले रिकॉर्ड में नहीं आ पाते. नई व्यवस्था से मामलों की संख्या, बीमारी के फैलाव और इससे होने वाली मौतों में बदलाव की निगरानी में मदद मिलने की उम्मीद है.
इस डेटा का इस्तेमाल रोकथाम और नियंत्रण की नीतियां बनाने, इलाज की सुविधाएं बढ़ाने, रिसर्च और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा स्क्रीनिंग और उपचार कार्यक्रमों का आकलन करने में किया जाएगा.
राज्य में 17,611 मामले दर्ज
1 अप्रैल 2024 से जून 2026 के बीच छत्तीसगढ़ में 17,611 कैंसर मामले दर्ज किए गए. इनमें मुख कैंसर के 4,465, गले के 210, जीभ के 252, फेफड़ों के 1,038, स्तन कैंसर के 2,633, गर्भाशय के 2,200 और पेट के 2,560 मामले शामिल हैं. अन्य प्रकार के कैंसर के 4,253 केस दर्ज हुए.
राज्य में तीन सरकारी कैंसर अस्पताल, दो सरकारी रेडियोथेरेपी यूनिट और 26 जिलों में डे-केयर कीमोथेरेपी सेंटर संचालित हैं. पांच और जिलों में ऐसे केंद्र खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है.
