छत्तीसगढ़ में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) की स्थायी बेंच बनाने की मांग पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. छत्तीसगढ़ सीनियर लॉयर फोरम की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने केंद्र को तीन सप्ताह के भीतर सक्षम अधिकारी का शपथपत्र पेश करने का निर्देश दिया है.
अदालत ने केंद्र से स्थायी बेंच बनाने के लिए अब तक उठाए गए कदमों और मौजूदा स्थिति की जानकारी भी मांगी है. केंद्र सरकार की ओर से उप सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा और अधिवक्ता अन्नपूर्णा तिवारी ने पक्ष रखा. रमाकांत मिश्रा ने संबंधित जानकारी के साथ शपथपत्र दाखिल करने के लिए समय मांगा था. इसके बाद कोर्ट ने तीन सप्ताह की समय-सीमा तय की.
साल में पांच बार आती है सर्किट बेंच
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता बीपी राव, विकास बाजपेयी, अरविंद सिन्हा और पूजा सिन्हा ने दलीलें रखीं. उनके अनुसार, जबलपुर स्थित CAT की मुख्य बेंच की सर्किट बेंच साल में पांच बार बिलासपुर आती है. हर बार यह करीब एक सप्ताह तक काम करती है.
याचिका में कहा गया है कि सीमित अवधि के कारण आवेदन जमा करने, दस्तावेजों की गलतियां सुधारने और अन्य प्रक्रियाओं के लिए सरकारी कर्मचारियों, अन्य पक्षकारों और वकीलों को जबलपुर जाना पड़ता है. इससे उनके समय और खर्च पर अतिरिक्त भार पड़ता है. कई मामलों में इसके बाद ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था रहती है.
CAT भवन के लिए जमीन आवंटित होने का दावा
फोरम ने याचिका में बताया है कि बिलासपुर में CAT भवन के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है. इसके बावजूद सर्किट बेंच जिला उपभोक्ता फोरम के पहले तल पर स्थित एक छोटे कमरे में संचालित हो रही है. याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि स्थायी बेंच बनने से प्रशासनिक मामलों की सुनवाई स्थानीय स्तर पर हो सकेगी और पक्षकारों को बार-बार जबलपुर नहीं जाना पड़ेगा.
राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता शशांक ठाकुर और उप शासकीय अधिवक्ता अनुजा शर्मा अदालत में उपस्थित हुए. याचिका में यह भी कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के गठन के 25 साल बाद भी राज्य में CAT की स्थायी बेंच स्थापित नहीं हुई है. अब केंद्र के शपथपत्र के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
