छत्तीसगढ़ के शहरों और नगरों में पाले जाने वाले मवेशियों की पहचान अब 12 अंकों वाले डिजिटल ईयर टैग से की जाएगी. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों को इस काम की शुरुआत करने के निर्देश दिए हैं. इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और उनके मालिकों की जिम्मेदारी तय करना है.
विभाग के अनुसार, शहरी सीमा में पाले जाने वाले और व्यावसायिक उपयोग में आने वाले गाय, बैल, भैंस समेत अन्य मवेशियों के कान में डिजिटल टैग लगाया जाएगा. टैग से जुड़ी जानकारी केंद्र सरकार के Information Network for Animal Productivity and Health (INAPH) पोर्टल पर दर्ज होगी. सड़क या सार्वजनिक स्थान पर मिले मवेशी के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में मदद मिलेगी.
जो मालिक अपने मवेशियों को दिन या रात में सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर खुला छोड़ेंगे, उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जा सकेगा. जरूरत के अनुसार अन्य कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं. ऐसे मामलों में नगर सेना और स्थानीय पुलिस की मदद लेने को कहा गया है.
हर नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा. यह अधिकारी पशुओं की टैगिंग, पकड़ने की कार्रवाई और गोशालाओं या पशु शेल्टरों की निगरानी करेगा. नगरीय सीमा में घूम रहे मवेशियों को पकड़कर निकायों के शेल्टर होम या पंजीकृत गोशालाओं में सुरक्षित भेजा जाएगा. उन्हें ले जाते समय उनकी पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी और मालिक को पावती दी जाएगी.
विभाग ने यह निर्देश सुप्रीम कोर्ट के ‘निशा बनाम म्युनिसिपल काउंसिल संगरूर व अन्य’ मामले में 31 जुलाई 2026 को दिए गए आदेश के आधार पर जारी किए हैं. सभी निकायों से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी गई है.
