छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर आबादी की गिनती की जाएगी. इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का चरण चलेगा. प्रदेश के सभी 33 जिलों, 19,978 गांवों और 195 शहरों में यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना के लिए 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं. इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे. पूरी प्रक्रिया डिजिटल एप के जरिए होगी और एप 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा.
स्व-गणना का विकल्प
लोग 10 से 24 जनवरी 2027 तक डिजिटल पोर्टल या एप के माध्यम से खुद और अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे. स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक होगी, इसे भरना अनिवार्य नहीं है.
स्व-गणना के लिए जनगणना निदेशालय के पोर्टल se.census.gov.in का इस्तेमाल किया जा सकेगा. जानकारी जमा करने के बाद एक विशेष आईडी जनरेट होगी. घर-घर गणना के दौरान यह आईडी प्रगणक को दिखानी होगी, ताकि दर्ज जानकारी का मिलान किया जा सके.
आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय के अधिकारियों के अनुसार, 1 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ की अनुमानित आबादी 3 करोड़ 12 लाख 11 हजार थी. गणना ब्लॉकों में औसतन न्यूनतम 600 लोगों के आधार पर दूसरे चरण में आबादी का आंकड़ा करीब 3 करोड़ 64 लाख तक पहुंचने का अनुमान बताया गया है.
