छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी. राज्य में यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित होगी और फरवरी 2027 तक मुख्य गणना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है.
मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने तथा मैदानी निगरानी मजबूत रखने के निर्देश दिए गए. बैठक में भारत की जनगणना की डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक और जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
जनगणना की प्रमुख तारीखें
जनगणना निदेशालय की कार्ययोजना के अनुसार 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी. यह सुविधा ऐच्छिक होगी और इसे करना अनिवार्य नहीं है. स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक आईडी मिलेगी, जिसे बाद में प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा.
25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे. इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का काम होगा. पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की गई थी, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नों के जरिए जानकारी ली जाएगी.
33 जिलों में तैनाती और प्रशिक्षण
दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों को शामिल किया गया है. इसके लिए करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाने हैं. 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों समेत 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता बताई गई है. कुल मिलाकर लगभग 72,769 कर्मचारी यह जिम्मेदारी संभालेंगे. औसतन छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा.
प्रत्येक गणना ब्लॉक में करीब 800 लोगों की आबादी शामिल होगी. अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉकों में बांटा जाएगा. नई बस्तियों, झुग्गी क्षेत्रों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय-व्यावसायिक परिसरों को भी गणना में शामिल किया जाएगा.
कर्मियों की तैयारी के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है. फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 2 से 12 दिसंबर 2026 तक जिला मुख्यालयों में होगा. प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है.
डिजिटल निगरानी और जानकारी की सुरक्षा
जनगणना के लिए विकसित मोबाइल एप 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा. इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इसमें ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी. जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल से ब्लॉक गठन, कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और प्रगति की निगरानी होगी. व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी व्यवस्थाओं का उपयोग किया जाएगा.
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को स्पष्ट जानकारी दी जाए कि जनगणना में दर्ज विवरण का इस्तेमाल आंकड़े जुटाने के लिए है और इसका किसी प्रमाणपत्र या सरकारी पात्रता से संबंध नहीं है. जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है.
