छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रदेश में डिजिटल तरीके से जनसंख्या की गणना की जाएगी. नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे. यह स्व-गणना ऐच्छिक होगी. इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे. दर्ज आंकड़ों की जांच 1 से 5 मार्च तक की जाएगी.

33 जिलों में होगी गणना

दूसरे चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 शहरों को शामिल किया जाएगा. इसके लिए 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी. करीब छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा. कुल मिलाकर 72 हजार से अधिक कर्मचारी इस काम में लगाए जाएंगे.

प्रदेश में लगभग 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं. प्रत्येक ब्लॉक में करीब 800 लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी. बड़ी आबादी वाले इलाकों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ब्लॉक बनाए जाएंगे. नई बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा.

जनगणना में परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, दिव्यांगता, धर्म, जाति और प्रजनन से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. अधिकारियों के अनुसार, इन आंकड़ों का इस्तेमाल विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जाता है.

16 भाषाओं में उपलब्ध होगा ऐप

जनगणना के लिए तैयार विशेष मोबाइल ऐप 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा. इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी इसमें जानकारी दर्ज की जा सकेगी. स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक आईडी मिलेगी, जिसे घर आने पर प्रगणक को बताना होगा. निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी व्यवस्थाएं रखी गई हैं.

फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक होगा. दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जागरूकता अभियान चलेगा. ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना में दी गई जानकारी का इस्तेमाल केवल आंकड़े जुटाने के लिए होगा और इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से संबंध नहीं है.