छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति या संस्था के लिए ‘चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ शुरू किया है. हर वर्ष दिए जाने वाले इस सम्मान के तहत विजेता को एक लाख रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा. चयनित विजेता या संस्था के प्रतिनिधि को राज्योत्सव में सम्मानित किया जाएगा.

सरकार के अनुसार, पुरस्कार का उद्देश्य प्रदेश के गांवों की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय जीवनशैली को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाना है. ग्रामीण पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया है.

किन कामों को मिलेगा महत्व

पुरस्कार के दायरे में सतत ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, लोककला, लोकसंस्कृति और प्राकृतिक व सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण से जुड़े काम शामिल होंगे. चयन में समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन और पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को भी महत्व दिया जाएगा. किसी व्यक्ति को यह पुरस्कार जीवनकाल में केवल एक बार दिया जाएगा.

प्रविष्टियों के मूल्यांकन के लिए छह सदस्यीय निर्णायक मंडल बनाया जाएगा. इसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक करेंगे. पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञ और संबंधित अधिकारी भी मंडल में शामिल होंगे. आवेदकों को अपनी प्रोफाइल, फोटो, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और काम व उपलब्धियों से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर बताई गई है.

टूरिज्म बोर्ड प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी कर प्रविष्टियां आमंत्रित करेगा. विजेता के काम और उपलब्धियों पर आधारित एक सचित्र स्मारिका भी जारी की जाएगी.

चेंदरू के नाम पर क्यों रखा गया पुरस्कार

यह पुरस्कार बस्तर के चेंदरू मंडावी के नाम पर रखा गया है. चेंदरू को जंगल और वन्यजीवन के साथ उनके असाधारण संबंध के लिए याद किया जाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बचपन में उनके परिवार को एक बाघ का शावक मिला था, जिसका नाम टेम्बू रखा गया. चेंदरू और टेम्बू की दोस्ती ने बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

स्वीडिश फिल्म निर्देशक आर्ने सक्सडॉर्फ ने चेंदरू और टेम्बू पर आधारित फिल्म ‘द फ्लूट एंड द एरो’ बनाई थी. चेंदरू से जुड़ी इस कहानी को ग्रामीण पर्यटन, जनजातीय जीवन और प्राकृतिक-सांस्कृतिक विरासत की पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है.