दिवाली पर घरों को सजाने के लिए बाजार में कई तरह के आधुनिक सामान मौजूद हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में धान की बालियों से बनी पारंपरिक झालर ‘चिरई चुगनी’ की मांग अब भी बनी हुई है. पूजा के बाद इसे घर में लटकाने की परंपरा है.
धान की बालियों से तैयार यह झालर खेती-किसानी और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक मानी जाती है. बालियों में लगे दानों को चिड़ियां चुगती हैं, इसलिए इसे घर की सजावट के साथ पक्षियों के लिए दाने की व्यवस्था से भी जोड़कर देखा जाता है. अलग-अलग इलाकों में इसे धान का झालर या चिरई चुगनी कहा जाता है.
परिवार मिलकर तैयार करते थे झालर
पहले गांवों में किसान परिवार दिवाली के मौके पर मिलकर धान की बालियों से झालर तैयार करते थे. पूजा के बाद इसे घरों में लगाया जाता था. बुजुर्ग बच्चों को इस परंपरा का महत्व भी बताते थे. हालांकि, शहरों में कई परिवारों के लिए अब यह मुख्य रूप से पारंपरिक सजावटी सामान बनकर रह गई है.
बाजार में झालर बेचने पहुंचीं पवनिया बाई के मुताबिक, वह करीब 20 वर्षों से हर दिवाली इन्हें बेचने आती हैं. उनके परिवार के लोग मिलकर झालर तैयार करते हैं. इस बार धान की झालर के साथ फूल झाड़ और छींद से बने झाड़ू भी बिक्री के लिए लाए गए हैं.
20 से 200 रुपए तक कीमत
झालर की कीमत आकार और डिजाइन के अनुसार 20 से 200 रुपए तक है. दिवाली नजदीक आने के साथ बाजारों में अंतिम समय की खरीदारी बढ़ गई है. लोग पूजा सामग्री, फूल-माला और सजावट का सामान खरीद रहे हैं. घर के प्रवेश द्वार के दोनों ओर लगाने के लिए केले के पेड़ों की भी खरीदारी हो रही है.
आधुनिक लाइटों और सजावटी वस्तुओं के बीच धान की बालियों से बनी चिरई चुगनी पुरानी ग्रामीण परंपरा को बाजार और घरों तक पहुंचा रही है.
