छत्तीसगढ़ में सिविल जज (लोअर ज्यूडिशियल सर्विस) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया गया है. हाई कोर्ट की अनुशंसा पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ निम्नतर न्यायिक सेवा (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 2006 में संशोधन किया है. विधि और विधायी कार्य विभाग ने इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना जारी की है.

अब मुख्य परीक्षा में पुराने आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 से सवाल पूछे जाएंगे. प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में से रिक्त पदों की संख्या के मुकाबले 1:10 अनुपात में उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना जाएगा.

400 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा

मुख्य परीक्षा कुल 400 अंकों की होगी. इसमें 100-100 अंकों के चार वर्णनात्मक प्रश्नपत्र होंगे और प्रत्येक के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है. तीसरे प्रश्नपत्र में हिंदी-अंग्रेजी व्याकरण, सामाजिक और कानूनी विषयों पर लेख, कानून से जुड़े अपडेटेड ज्ञान तथा दोनों दिशाओं में अनुवाद की परीक्षा होगी.

चौथे प्रश्नपत्र में प्रारूप एवं अभिवचन के 20 अंक होंगे. सिविल और आपराधिक मामलों में निर्णय लेखन के लिए 40-40 अंक निर्धारित किए गए हैं.

इंटरव्यू के अंक बढ़े

संशोधन के बाद इंटरव्यू के अधिकतम अंक 15 से बढ़ाकर 25 कर दिए गए हैं. यानी साक्षात्कार के अंकों में 10 अंकों की वृद्धि हुई है.