छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायतों को बिना वास्तविक समाधान के बंद करने के मामलों पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. विभागीय समीक्षा में सामने आया कि कुछ नगरीय निकायों में शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किए बिना ही उन्हें ‘विशेष क्लोज’ के रूप में दर्ज किया जा रहा था.

इस प्रक्रिया में शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान नहीं होने के बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में शिकायत निपटाई हुई दिखाई देती है. विभाग ने इसे गंभीर और आपत्तिजनक माना है. सभी नगर निगम आयुक्तों तथा नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश जारी कर कहा गया है कि शिकायत बंद करने की औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी.

किन मामलों में हो सकेगा ‘विशेष क्लोज’

विभाग के अनुसार, ‘विशेष क्लोज’ की अनुमति केवल मांग से संबंधित शिकायतों और दूसरे विभाग के कार्यक्षेत्र में आने वाले मामलों में दी जा सकेगी. इन मामलों में भी संबंधित शिकायत का उचित परीक्षण करना जरूरी होगा. अन्य किसी परिस्थिति में शिकायत को विशेष क्लोज करना मान्य नहीं होगा.

हेल्पलाइन पर आने वाली हर शिकायत की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा में वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है. लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायतों के निपटारे के लिए चार स्तर की व्यवस्था है. एल-1 पर ब्लॉक स्तर, एल-2 पर जिला स्तर, एल-3 पर संभागीय या निदेशालय स्तर और एल-4 पर सचिव या विभागाध्यक्ष स्तर पर शिकायतों का समाधान किया जाता है. तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर शिकायत स्वतः अगले स्तर पर पहुंच जाती है.