छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन-1076 पर दर्ज शिकायतों को बिना समाधान की स्पष्ट जानकारी के बंद करने के मामले में लोक निर्माण विभाग ने 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. विभागीय समीक्षा में पाया गया कि शिकायतें बंद करते समय दर्ज की गई टीप में समस्या के समाधान और की गई कार्रवाई का पर्याप्त ब्योरा नहीं था.
नोटिस पाने वालों में तीन अधीक्षण अभियंता, पांच कार्यपालन अभियंता और पांच अनुविभागीय अधिकारी शामिल हैं. सभी अधिकारियों से 15 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है. यह समीक्षा अगस्त और सितंबर में पीडब्ल्यूडी से संबंधित शिकायतों के आधार पर की गई थी.
तीन स्तरों पर अधिकारियों से जवाब मांगा
एल-1 स्तर पर राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बिलासपुर के अनुविभागीय अधिकारी अतुल राज पेगवार, बेमेतरा के राजेश कुमार बाजपेयी, पेंड्रा के जगदीश प्रसाद, सेतु उप संभाग दुर्ग के अशोक कुमार हरियाले और पाटन की अनुविभागीय अधिकारी सोनल ढालेन्द्र को नोटिस दिया गया है.
एल-2 स्तर पर बेमेतरा संभाग के कार्यपालन अभियंता केशव प्रसाद लहरे, कोरबा के घासीराम जांगड़े, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग बिलासपुर के रोशन कुमार साहू, सारंगढ़ के प्यारे लाल पैकरा और कांकेर की कार्यपालन अभियंता प्रज्ञा नंद शामिल हैं.
एल-3 स्तर पर मंडल क्रमांक-2 रायपुर के अधीक्षण अभियंता डीके नेताम, दुर्ग मंडल की अर्पणा चौरपगार और राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता महादेव लहरे को नोटिस जारी हुआ है.
हेल्पलाइन पर 2.31 लाख शिकायतें दर्ज
आंकड़ों के अनुसार, 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक सीएम हेल्पलाइन पर कुल 2,31,850 शिकायतें दर्ज हुईं. इनमें 2,05,996 का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है. विभाग के मुताबिक 88.85 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण हुआ है. हेल्पलाइन पर रोजाना औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें मिल रही हैं.
