छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बेमेतरा जिले के दौरे पर रहेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:40 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12:20 बजे बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान पहुंचेंगे. यहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. मुख्यमंत्री शिक्षक सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद उनके दोपहर 2:55 बजे रायपुर लौटने का कार्यक्रम है. जिला प्रशासन ने दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं.

उरकुरा यार्ड रीमॉडलिंग से ट्रेनें प्रभावित

उरकुरा स्टेशन यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते आज कई ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा. इनमें रायपुर-बिलासपुर मेमू 68728, बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू 68734, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू 68733, बिलासपुर-रायपुर मेमू 68719, कोरबा-रायपुर पैसेंजर 58203, रायपुर-इतवारी पैसेंजर 58206 और रायपुर-गेवरा रोड मेमू 68746 शामिल हैं.

कल रायपुर-कोरबा पैसेंजर 58204, इतवारी-रायपुर पैसेंजर 58206 और कोरबा-रायपुर मेमू 68745 रद्द रहेंगी. यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांचने की सलाह दी गई है.

रायगढ़ में 23 सितंबर तक सांस्कृतिक आयोजन

रायगढ़ के रामलीला मैदान में 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह कल से शुरू होगा और 23 सितंबर तक चलेगा. हर शाम 6 बजे से संगीत, नृत्य और लोककला की प्रस्तुतियां होंगी. समारोह की शुरुआत पद्मश्री डॉ. उषा बारले की प्रस्तुति से होगी. समापन कविता कृष्णमूर्ति और जान कुमार सानू की प्रस्तुतियों के साथ होगा.

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश जारी रह सकती है. सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में होने से बारिश पूरी तरह थमने के आसार नहीं हैं.