छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 अक्टूबर को सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे. दोपहर 12:20 बजे वे सूरजपुर जिले के प्रेमनगर स्थित मिडिल स्कूल मैदान पहुंचेंगे. यहां विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 12:20 से 1:20 बजे तक आमसभा का कार्यक्रम है.
मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे बलरामपुर जिले के जशवंतपुर पहुंचेंगे. यहां लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. शाम 4:30 बजे उनके जशपुर जिले के बगीचा स्थित निवास पहुंचने का कार्यक्रम है.
रायपुर में सफाई व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के युवा प्रकोष्ठ की ओर से रायपुर में खराब सफाई व्यवस्था और जगह-जगह कचरे के ढेर के विरोध में दोपहर 12 बजे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. संगठन के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बावजूद कई इलाकों में गंदगी की स्थिति चिंताजनक है.
महिला आयोग की दो दिवसीय जनसुनवाई
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग 28 और 29 अक्टूबर को रायपुर में महिलाओं से जुड़े मामलों की जनसुनवाई करेगा. आयोग की अध्यक्ष ममता साहू के नेतृत्व में सदस्य मामलों की सुनवाई करेंगे. इसका उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याएं आयोग के सामने रखने और समाधान की दिशा में पहल का अवसर देना है.
बिलासपुर के अलग-अलग इलाकों में निर्माण और रखरखाव कार्यों के चलते 28 अक्टूबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की सूचना दी गई है.
