रायपुर. शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के शिक्षकों के नाम आत्मीय पत्र लिखा. उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों और शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों को याद करते हुए शिक्षकों से हर बच्चे की क्षमता पहचानने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी बच्चे की परिस्थितियां उसके सपनों की सीमा तय नहीं करनी चाहिए. उन्होंने विशेष रूप से उन विद्यार्थियों का साथ देने का आग्रह किया, जो आर्थिक अभाव, संकोच या किसी अन्य कारण से पीछे छूट रहे हैं.
बगिया के स्कूल से शुरू हुआ शिक्षा का सफर
पत्र में मुख्यमंत्री साय ने अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा कीं. उन्होंने बताया कि उनका जन्म जशपुर जिले के बगिया गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ और उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव के स्कूल से शुरू हुई.
उन्होंने लिखा कि जब वे लगभग 10 वर्ष के थे और चौथी कक्षा में पढ़ रहे थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद परिवार, खेती और छोटे भाइयों की जिम्मेदारियां भी कम उम्र में उनके जीवन का हिस्सा बन गईं. इन परिस्थितियों के बीच शिक्षकों से मिले मार्गदर्शन और संस्कारों को उन्होंने अपने जीवन की पूंजी बताया.
स्लेट-तख्ती से स्मार्ट क्लास तक का बदलाव
मुख्यमंत्री ने पत्र में शिक्षा व्यवस्था में आए बदलाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा का सफर स्लेट, तख्ती और चॉक से आगे बढ़कर स्मार्ट क्लास तक पहुंच गया है, लेकिन बच्चों के जीवन में शिक्षक की भूमिका आज भी सबसे महत्वपूर्ण बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में जब उन्हें प्रदेश के बच्चों के भविष्य और शिक्षा से जुड़े फैसलों पर काम करने का अवसर मिलता है, तब अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन के दिन और अधिक याद आते हैं. साय ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस पर नमन किया.
मुख्यमंत्री का यह पत्र शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर के अवसर पर सामने आया. पत्र का मुख्य संदेश यह है कि शिक्षा केवल तकनीक और संसाधनों से नहीं, बल्कि शिक्षक के व्यक्तिगत मार्गदर्शन, संवेदनशीलता और भरोसे से भी मजबूत होती है.
