छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने कोयला लेवी घोटाला मामले में IAS अधिकारी जयप्रकाश मौर्य की अग्रिम जमानत याचिका पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है. मौर्य ने EOW और ACB की ओर से दाखिल पूरक आरोपपत्र में अपना नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी है.
जांच एजेंसी की ओर से केस डायरी पेश किए जाने के बाद अदालत ने सुनवाई की और शासन को अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया. मामले में आगे की सुनवाई राज्य सरकार के जवाब के बाद होगी.
EOW और ACB ने 5 अक्तूबर को विशेष अदालत में छठा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था. इसमें खनिज साधन विभाग के पूर्व संचालक जयप्रकाश मौर्य का नाम शामिल किया गया है. जांच एजेंसी का आरोप है कि जब्त डायरियों में तत्कालीन खनिज संचालक द्वारा मामले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से नकद राशि लेने का उल्लेख है.
एजेंसी के अनुसार, जुलाई 2020 में ऑनलाइन ई-परमिट से पहले जिला खनिज अधिकारी की मंजूरी अनिवार्य करने और जनवरी 2022 में ट्रांजिट-पास व्यवस्था लागू करने जैसे प्रशासनिक बदलावों से कथित गिरोह को अवैध वसूली में मदद मिली. जांच एजेंसी का दावा है कि ये बदलाव ठोस राजस्व हानि के आधार के बिना किए गए और अवैध कमाई का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया.
इस मामले में ACB, EOW और ED ने पूर्व कलेक्टर रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री के OSD और अन्य लोगों के खिलाफ जांच शुरू की थी. रानू साहू, जो मौर्य की पत्नी भी हैं, करीब डेढ़ साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर हैं. अदालत ने उन्हें छत्तीसगढ़ से बाहर रहने का निर्देश दिया है.
