छत्तीसगढ़ के कथित कोल लेवी घोटाले में रायपुर स्थित राजीव भवन तक 104 करोड़ 20 लाख रुपए पहुंचाए जाने का दावा आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की चार्जशीट में किया गया है. यह दावा जब्त डायरियों और आरोपियों व अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर किया गया है. मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होनी बाकी है.

डायरियों में ‘भवन’ और ‘C PARTY’ के रिकॉर्ड

चार्जशीट के मुताबिक, अक्टूबर 2020 से जून 2022 के बीच डायरियों में ‘भवन’, ‘BHAWAN’ और ‘C PARTY’ नाम से 32 बार रकम दर्ज मिली. EOW ने इन प्रविष्टियों का कुल हिसाब 104.20 करोड़ रुपए बताया है. डायरियों में ‘C PARTY KO’, ‘C PARTY BHAWAN ME’, ‘BHAWAN MEIN JAMA’ और ‘भवन में दिया गया’ जैसे शब्द भी दर्ज होने का उल्लेख है.

एजेंसी के अनुसार, 27 जनवरी 2022 को BS-09 में 2 करोड़, 6 करोड़ और 2 करोड़ रुपए की प्रविष्टियां मिलीं, जिनका कुल योग 10 करोड़ रुपए था. 2 मार्च को BS-41 में 4 करोड़ और 2 करोड़ रुपए, 30 मार्च को BS-01 में 5 करोड़, 6 मई को BS-02 में 8 करोड़ और 7 जून को BS-02 में 8.70 करोड़ रुपए दर्ज होने की बात चार्जशीट में कही गई है.

काले बैग पहुंचाने के बयानों का जिक्र

चार्जशीट में कहा गया है कि कथित तौर पर नकदी से भरे बैग राजीव भवन ले जाकर देवेंद्र डडसेना के पास जमा कराए जाते थे. डडसेना को राम गोपाल अग्रवाल का निजी सहायक बताया गया है. गवाहों रूपेंद्र यादव और सोहन साहू के बयानों का हवाला देते हुए EOW ने कहा कि भवन के बाईं ओर शटर के पास गाड़ियों से काले बैग उतारकर डडसेना के कमरे में रखे जाते थे.

रूपेंद्र यादव ने एक बार में करीब 8 से 10 बैग आने और उन्हें कमरे तक पहुंचाने में मदद करने की बात कही. सोहन साहू के बयान में एक सफेद Swift Dzire और नंबर में ‘0009’ अंक का जिक्र होने की बात सामने आई है. चार्जशीट के अनुसार, बैग लाने के दौरान कार्यालय का संबंधित हिस्सा बंद किया जाता था और कर्मचारियों को वहां से हटाया जाता था.

कथित वसूली का तरीका और आगे की जांच

EOW का आरोप है कि 15 जुलाई 2020 के आदेश के बाद ऑनलाइन ई-परमिट जारी करने से पहले जिला खनिज अधिकारी की मंजूरी अनिवार्य किए जाने की व्यवस्था का इस्तेमाल कोयला कारोबारियों और परिवहनकर्ताओं से 25 रुपए प्रति टन कथित अवैध वसूली के लिए किया गया. अलग-अलग जिलों से रकम रायपुर लाकर उसका हिसाब और वितरण किए जाने का दावा है.

एजेंसी ने जब्त मोबाइल, विश्राम गृहों में ‘सीएम हाउस’ नाम से बुकिंग और बालको-अंबुजा से जुड़े पत्रों को भी चालान में शामिल किए जाने की बात कही है. कथित रकम के जमीन, फ्लैट, वाशरी और अन्य संपत्तियों में निवेश की जांच का भी उल्लेख है.

EOW के मुताबिक, मामले में पहले एक मुख्य और पांच पूरक चालान पेश किए जा चुके हैं. करीब 9,500 पन्नों के छठे पूरक चालान में अतिरिक्त दस्तावेज और साक्ष्य अदालत के सामने रखे गए हैं. बाकी संदिग्धों और लेन-देन की जांच दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 173(8) के तहत जारी रहने की बात कही गई है.