छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बाद कांग्रेस ने कथित ₹1,500 करोड़ की वसूली से जुड़े वायरल वीडियो की जांच की मांग उठाई है. प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए.

कांग्रेस के अनुसार, भाजपा विधायक की शिकायत के बाद सामने आए वायरल वीडियो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेते हुए ₹1,500 करोड़ की कथित वसूली का दावा किया गया था. भाजपा ने इस वीडियो को फर्जी बताया है. हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि वीडियो फर्जी है तो जांच के जरिए इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए.

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि वीडियो फर्जी पाए जाने पर उसे बनाने और प्रसारित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं, यदि वीडियो में लगाए गए आर्थिक लेन-देन के आरोपों में कोई सच्चाई है तो उसकी भी जांच की जानी चाहिए. कांग्रेस ने केंद्र सरकार से CBI जैसी केंद्रीय एजेंसी के जरिए जांच कराने की मांग की है.

संगठनात्मक बदलाव पर भी सवाल

24 सितंबर को हुए संगठनात्मक बदलाव में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है. झारखंड के संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भेजा गया है. कांग्रेस ने कहा कि जिम्मेदारी बदलने से वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच का मुद्दा खत्म नहीं होता.

ठाकुर ने सरकार से मामले की वास्तविकता जनता के सामने रखने की मांग की. उन्होंने सरकारी निर्माण कार्यों के टेंडर और सामान-सर्विस की सप्लाई में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग भी की.